कडलूर: तमिलनाडु के कडलूर जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही तमिलनाडु रोडवेज की बस का स्टेट हाईवे पर अचानक टायर फट गया।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार बस का टायर फटते ही चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। अनियंत्रित बस पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रही दो कारों से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बस के नीचे फंस गईं और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कार सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही तित्ताकुडी और रामनाथम थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बस और कारों के नीचे फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि वाहन बुरी तरह पिचक चुके थे। घायलों को तत्काल तित्ताकुडी और पेरंबलूर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस दुर्घटना के चलते चेन्नई–तिरुचि नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों लेनों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और कारों को सड़क से हटाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में टायर फटना ही दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।











