
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में छापेमारी कर एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 11 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
संदिग्ध हलचल देख टीम ने दबोचा
मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त फ्लाइंग स्क्वॉड स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक पर जवानों की नजर पड़ी। टीम को अपनी ओर आते देख युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 11 किलो गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से ट्रेन के रास्ते लाई गई थी खेप
पूछताछ में आरोपी की पहचान ओडिशा निवासी के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि वह ओडिशा से ट्रेन मार्ग के जरिए नशे की यह खेप लेकर टाटानगर पहुंचा था। इस गांजे को आगे स्थानीय नेटवर्क व अन्य शहरों के तस्करों तक खपाने की योजना थी।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
रेल पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल कर रही है, ताकि ओडिशा के मुख्य सप्लायर और स्थानीय रिसीवर के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।




