रांची: मंगलवार (6 जनवरी) को वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नामकुम थाना क्षेत्र के बेलबगान स्थित राम हरि गार्डन के पास कुछ युवक चारपहिया वाहनों में प्रतिबंधित मादक पदार्थ की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), रांची के निर्देशन एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम, रांची के नेतृत्व में नामकुम थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल को शामिल करते हुए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल द्वारा बेलबगान स्थित राम हरि गार्डन के समीप मैदान के पास पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की गई। इस दौरान देखा गया कि कुछ युवक दो चारपहिया वाहनों (एक सफेद एवं एक सिल्वर रंग की कार) में अवैध रूप से मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे थे। पुलिस बल को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए चार युवकों को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए चारों आरोपियों की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर एवं गांजा बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान मादक पदार्थों के संबंध में वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद बरामद सभी सामानों को जप्ती-सूची तैयार कर विधिवत जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि बरामद ब्राउन शुगर एवं गांजा उन्हें गिरोह के सरगना द्वारा उपलब्ध कराया गया था, जो मौके से फरार हो गया। आरोपियों ने बताया कि वे रांची शहर में घूम-घूमकर मादक पदार्थ की पुड़िया बनाकर बिक्री करते थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार चारों आरोपियों के अपराधिक पूर्ववृत्त की जांच की जा रही है, वहीं फरार सरगना की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बरामद सामानों का विवरण
ब्राउन शुगर – 17 पुड़िया (कुल वजन 10.73 ग्राम)
गांजा – 24 पुड़िया (कुल वजन 103.36 ग्राम)
मोबाइल फोन – सैमसंग 1, आईफोन 3
चारपहिया वाहन – 2 कार
विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड एवं चेक बुक
पुलिस की इस कार्रवाई से रांची में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।














