
जमशेदपुर: प्रखर आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता और मुखर नेत्री निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर आजसू पार्टी के जिला सचिव कृतिवास मंडल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना को झारखंड के लिए एक अपूर्णीय क्षति बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तंत्र पर तीखा हमला बोला है।
इस दुखद घटना पर अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए आजसू जिला सचिव कृतिवास मंडल ने कहा कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले निशा भगत द्वारा फेसबुक लाइव आकर रो-रो कर अपनी पीड़ा सुनाना राज्य के लिए बेहद शर्मनाक है। उन्होंने जो आरोप स्थानीय पुलिस प्रशासन और भू-माफियाओ पर लगाए हैं, उससे यह साफ हो जाता है कि राज्य में अपराधियों और भ्रष्ट अधिकारियों का मनोबल कितना बढ़ा हुआ है।
कृतिवास मंडल ने कहा कि राज्य पुलिस और स्थानीय प्रशासन खुद शक के दायरे में हैं, इसलिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराई जानी चाहिए ताकि मृतका को सच्चा न्याय मिल सके उन्होंने मांग की है कि फेसबुक लाइव वीडियो के आधार पर जमीन दलालों और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें अविलंब सलाखों के पीछे भेजा जाए।
कृतिवास मंडल ने हेमंत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “झारखंड की गठबंधन सरकार में जल-जंगल-जमीन की बात सिर्फ नारों तक सीमित रह गई है। यहाँ आदिवासियों और मूलवासीयो की जमीनें लूटी जा रही हैं और हक की आवाज उठाने वाली बहनों को आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है। इस वक्त आजसू पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।





