---Advertisement---

गढ़वा: चटनियां डैम में मिला दस दिन से लापता युवक का शव, परिजनों में कोहराम

On: January 23, 2026 10:27 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

केतार (गढ़वा): केतार थाना क्षेत्र के भगवान घाटी स्थित चटनियां डैम में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय चरवाहों ने डैम के पानी में शव को तैरते देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही केतार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान केतार गांव निवासी मुन्ना राम के रूप में की गई है। शव की पहचान मृतक की पत्नी सीमा देवी ने की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शव कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा था। पानी में पड़े रहने के कारण शव फूल चुका था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे मौत कुछ दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है।



पुलिस ने शव को डैम से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया। शव की पहचान होते ही घटनास्थल पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जिससे पूरा माहौल गमगीन हो गया।

परिजनों ने बताया कि मुन्ना राम 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन गांव के ही एक युवक के साथ मेला घूमने गया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद 17 जनवरी को केतार थाना में इस संबंध में सन्हा दर्ज कराई गई थी। लगातार तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। साथ ही अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद आसपास के गांवों में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now