
गढ़वा: जिले के बड़गड़ प्रखंड अंतर्गत दक्षिणी वन प्रमंडल अंतर्गत कुटकू वन प्रक्षेत्र के रुद संरक्षित वन में भालू का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। रविवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नाले से भालू का शव बरामद कर कब्जे में लिया। भालू के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद वन विभाग ने शिकार की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा है।
कुटकू वन प्रक्षेत्र के वनरक्षी दयानंद कुमार के अनुसार, रुद गांव के ग्रामीणों ने जंगल के भीतर नाले में भालू का शव पड़े होने की सूचना वन विभाग को दी थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
जांच के दौरान भालू के अगले बाएं पैर पर चोट का निशान पाया गया। शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण वन विभाग भालू की मौत को सामान्य नहीं मान रहा है।
वन विभाग की टीम भालू के शव को भंडरिया स्थित वन विभाग कार्यालय परिसर लेकर पहुंची। इसके बाद पीटीआर के पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग परिसर में ही भालू के शव को दफना दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भालू की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। चोट के निशान को देखते हुए शिकार की आशंका सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।






