---Advertisement---

श्री बंशीधर नगर में सेवानिवृत्त शिक्षक से लूट, बैंक से पेंशन निकालकर लौटते समय अज्ञात युवकों ने वारदात को दिया अंजाम

On: January 29, 2026 9:51 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): श्री बंशीधर नगर शहर के चेचरिया मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक सुदर्शन प्रसाद कमलापुरी से अज्ञात लुटेरों द्वारा 40 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी एवं मोबाइल फोन का सिम लूट लिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे की बताई जा रही है।

घटना के संबंध में पीड़ित सेवानिवृत्त शिक्षक सुदर्शन प्रसाद ने बताया कि वे भारतीय स्टेट बैंक की नगर ऊंटारी शाखा से अपनी पेंशन की राशि 40 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैंक के पास मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने बहाने से उन्हें अपने पिता से मिलाने की बात कहकर कार में बैठा लिया और गढ़वा की ओर ले जाने लगे।

पेट्रोल पंप पार करने के बाद उन्हें स्थिति पर संदेह हुआ, तो उन्होंने वाहन रोकने को कहा, लेकिन लुटेरों ने उनकी बात अनसुनी कर तेज रफ्तार में गाड़ी भगाना शुरू कर दिया। गढ़वा की ओर ले जाते समय आरोपियों ने उनके पॉकेट से 40 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी तथा मोबाइल फोन का सिम निकाल लिया और सिरियाटोंगर के समीप बीच सड़क पर उन्हें उतार कर फरार हो गए।

घटना के बाद भयभीत शिक्षक किसी तरह नगर ऊंटारी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस एवं परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

इस संबंध में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन के आलोक में पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। समाचार लिखे जाने तक पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर लुटेरों की पहचान में जुटी हुई थी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now