लातेहार: जिले के बरियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलबसिया रेलवे स्टेशन के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोयला लदी एक मालगाड़ी की आधा दर्जन बोगियां पटरी से उतर गईं। यह घटना कोयला साइडिंग के पास उस वक्त हुई, जब मालगाड़ी साइडिंग से बाहर निकलने की प्रक्रिया में थी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। रेल प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बहाली कार्य शुरू कर दिया गया। दुर्घटना के कारण फुलबसिया साइडिंग पर लोडिंग के लिए आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है, हालांकि दूसरे रेलवे ट्रैक पर परिचालन जारी है।
इस हादसे में मालगाड़ी के गार्ड नितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार गार्ड की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मालगाड़ी जैसे ही साइडिंग से मुख्य ट्रैक की ओर बढ़ रही थी, उसी दौरान अचानक बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या ट्रैक की स्थिति को वजह माना जा रहा है, हालांकि रेलवे की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई यात्री ट्रेन मौके पर नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। साथ ही, किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है।
फिलहाल रेलवे की टीम बोगियों को दोबारा पटरी पर लाने और ट्रैक को दुरुस्त करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही रेल परिचालन सामान्य कर दिया जाएगा।














