Most Expensive Number Plate: आंध्र प्रदेश से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लग्जरी और शौक की सारी सीमाएं तोड़ दी हैं। यहां एक कारोबारी ने महज 6 लाख रुपये की कार के लिए 2 करोड़ रुपये से ज्यादा सिर्फ नंबर प्लेट पर खर्च कर दिए।
DDC 001 नाम की यह नंबर प्लेट अब भारत की अब तक की सबसे महंगी नंबर प्लेट बन चुकी है।
पहली ही नीलामी में BBT ने बनाया रिकॉर्ड
यह ऐतिहासिक नीलामी हाल ही में Big Boy Toyz (BBT) के नए लॉन्च हुए ऑक्शन हाउस में आयोजित की गई थी। खास बात यह रही कि अपने पहले ही ऑक्शन इवेंट में इस प्लेटफॉर्म ने नया रिकॉर्ड कायम कर दिया।
VIP और विंटेज नंबर प्लेट्स की इस नीलामी में DDC 001 नंबर प्लेट 2.08 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली पर बिकी। इस सौदे के साथ ही भारत में प्रीमियम नंबर प्लेट्स की नीलामी के इतिहास में एक नया बेंचमार्क तय हो गया है।
गुंटूर के कारोबारी ने खरीदी
नीलामी में इस खास नंबर प्लेट को आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी कारोबारी किरण कोलपाकुला ने खरीदा। नीलामी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यह नंबर प्लेट पहले BBT के मालिक के पास थी, जिसे अब सभी कानूनी प्रक्रियाओं के बाद आधिकारिक रूप से नए मालिक के नाम ट्रांसफर कर दिया गया है।
शौक के आगे कीमत बेमानी
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस कार के लिए यह नंबर प्लेट खरीदी गई, उसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। यानी कार की कीमत से 30 गुना से ज्यादा रकम सिर्फ नंबर प्लेट पर खर्च की गई। यह घटना साफ दिखाती है कि देश में VIP और यूनिक नंबर प्लेट्स को लेकर लोगों का क्रेज किस स्तर तक पहुंच चुका है।
पहले भी लग चुकी है करोड़ों की बोली
गौरतलब है कि पिछले साल भी एक VIP नंबर प्लेट की नीलामी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उस समय HR 88 B 8888 नंबर प्लेट पर 1.17 करोड़ रुपये की बोली लगी थी। हालांकि, समय पर भुगतान नहीं होने के कारण उस डील को रद्द कर दिया गया और प्लेट को दोबारा री-ऑक्शन में डाला गया। री-ऑक्शन में यह नंबर प्लेट 26.7 लाख रुपये में बिक सकी थी।
VIP नंबर प्लेट्स का बढ़ता बाजार
DDC 001 की रिकॉर्ड तोड़ नीलामी के बाद यह साफ हो गया है कि भारत में VIP, यूनिक और विंटेज नंबर प्लेट्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा है।














