The dead woman's body. Focus on hand
जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन का इलाका बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे से दहल उठा। सोपोडेरा का रहने वाला मोंटी अपने दोस्त राहुल के साथ स्टेशन के समीप मौजूद था, तभी एक बेकाबू बड़े वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मोंटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना रात करीब 11:00 बजे की है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। राहुल को खासमहल स्थित स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, वहीं मोंटी को नाजुक हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
परदेस से त्योहार मनाने आया था, घर में मचा कोहराम
मिली जानकारी के अनुसार, मोंटी रोजी-रोटी के सिलसिले में हैदराबाद में रहता था और हाल ही में दुर्गा पूजा की छुट्टियों में परिवार के साथ वक्त बिताने सोपोडेरा आया हुआ था। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक त्योहार की रौनक थी, वहां अब मोंटी की असमय मौत के बाद चीत्कार गूंज रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे सोपोडेरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही बागबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की शिनाख्त और दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।



