रांची: राजधानी रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक नाबालिग युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पंडरा मुस्लिम बस्ती निवासी नाबालिग पेंटर वसीम मंसूरी के रूप में हुई है, जो बीते दो दिनों से लापता था।
जानकारी के अनुसार, वसीम के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। इसके अलावा उसके साथ लाठी-डंडों से भी जमकर मारपीट की गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत से नीचे फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
दो दिन से था लापता, आज मिला शव
परिजनों ने बताया कि वसीम 2 फरवरी से घर से लापता था। उसकी गुमशुदगी की शिकायत पंडरा ओपी में दर्ज कराई गई थी। बुधवार को परिजन जब उसकी तलाश करते हुए पुंदाग इलाके के एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट पहुंचे, तो वहां वसीम का शव देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
उसी अपार्टमेंट में करता था काम
मृतक के पिता अजीम मंसूरी ने बताया कि उनका बेटा वर्तमान में उसी निर्माणाधीन अपार्टमेंट में पेंटर का काम कर रहा था। इसी वजह से परिजनों को शक हुआ और वे वहां पहुंचे, जहां उन्हें बेटे का शव मिला। उन्होंने यह भी बताया कि वसीम का किसी से कोई विवाद नहीं था।
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुंदाग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद हटिया डीएसपी पी के मिश्रा और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से कई वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
हटिया डीएसपी पी के मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि युवक की पहले बेरहमी से पिटाई की गई, फिर चाकू से हमला कर उसकी हत्या की गई और बाद में शव को ऊंचाई से नीचे फेंका गया।
सीसीटीवी फुटेज में अहम सुराग
पुलिस को जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिसमें वसीम 2 फरवरी को अपने एक दोस्त के साथ बाइक से निर्माणाधीन अपार्टमेंट में जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके कुछ देर बाद एक ऑटो के वहां पहुंचने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस इन फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
इलाके में मातम और आक्रोश
घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या की वजहों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











