
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र के महानवमी पर्व पर सोमवार को शहर के बस स्टैंड स्थित सब्जी बाजार में जय भामाशाह क्लब की ओर से कन्या पूजन सह महाभंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधि-विधान से कुंवारी कन्याओं का पूजन किया गया और उन्हें देवी स्वरूप मानकर उपहार भेंट किए गए। वहीं, महाभंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी, थाना प्रभारी अविनाश राज और युवा नेता मानवेंद्र प्रताप देव ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद अतिथियों ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया। महानवमी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। पूजा-अर्चना के बाद कन्याओं को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनका पूजन किया गया। उन्हें भोजन कराने के साथ विभिन्न प्रकार के उपहार भी दिए गए।

कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का प्रतीक : साधना देवी
नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी ने कहा कि नवरात्र में कन्या पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। कन्याओं को मां दुर्गा के स्वरूप में पूजने की परंपरा भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक आस्था, संस्कार और आपसी सद्भाव को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का अवसर मिलता है।
धार्मिक आयोजन से बढ़ता है आपसी भाईचारा : मानवेंद्र प्रताप देव
युवा नेता मानवेंद्र प्रताप देव ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति की उपासना और समाज में सकारात्मकता का संदेश देता है। कन्या पूजन हमारी धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस तरह के आयोजनों से लोगों में सेवा, समर्पण और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी हमारी सांस्कृतिक एकता को दर्शाती है।
मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय, संरक्षक भरत भूषण प्रसाद, कामेश्वर प्रसाद, ओमप्रकाश गुप्ता, प्रताप जायसवाल, अजीत कुमार गुड्डू,नीरज जायसवाल, अध्यक्ष रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू, उपाध्यक्ष नित्यानंद कुमार, सचिव ऋतुराज जायसवाल, बबलू केसरी, अजीत कुमार सहित अन्य का नाम शामिल है।





