रांची: झारखंड सरकार ने मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए एक और बड़ी सौगात का ऐलान किया है। अब इस योजना की सभी लाभार्थी महिलाओं को बैंक के माध्यम से ₹20,000 तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाना है।
यह घोषणा वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने शनिवार को राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की बैठक के दौरान की। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और नाबार्ड (NABARD) के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। इस दौरान बैंकर्स ने महिला लाभार्थियों को लोन देने को लेकर अपनी सहमति जताई।
अगले बजट में होगा प्रावधान
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने बताया कि मंईयां सम्मान योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए लोन सुविधा को आगामी राज्य बजट में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि महिलाओं को स्वरोजगार, छोटे व्यवसाय और पारिवारिक जरूरतों के लिए आसान शर्तों पर ऋण मिल सके।
पहले से मिल रहे हैं ₹2500 प्रतिमाह
गौरतलब है कि मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को पहले से ही ₹2500 प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब ₹20,000 तक का बैंक लोन मिलने से महिलाओं को आर्थिक स्थिरता और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा सहारा मिलेगा।












