सरायकेला: जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत लहाकोठी गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक मेडिकल छात्र ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रकाश महतो (27) के रूप में हुई है, जो स्थानीय निवासी और चिकित्सक डॉ. गंगाधर महतो का इकलौता पुत्र था। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
घटना शनिवार (7 फरवरी) देर रात की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, प्रकाश महतो देहरादून में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था और करीब पांच दिन पहले ही वह वहां से अपने पैतृक गांव लौटा था। घर लौटने के बाद उसके व्यवहार में किसी भी तरह की असामान्यता नजर नहीं आई थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात काफी समय तक जब प्रकाश अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। जब वे उसके कमरे में पहुंचे तो देखा कि वह फंदे से लटका हुआ है। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश फाख्ता हो गए। आनन-फानन में परिजनों ने उसे नीचे उतारा और तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
कांड्रा थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
इकलौते बेटे की इस तरह असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।














