---Advertisement---

गढ़वा: कुख्यात अपराधी खुस्तर अंसारी ने किया सरेंडर, पशु तस्करी मामले में भेजा गया जेल

On: February 9, 2026 7:11 PM
---Advertisement---

गढ़वा: सोमवार (2 फरवरी 2026) की रात्रि जिले के धुरकी थाना क्षेत्र में पशु तस्करी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया था।  जहां पशु तस्करों द्वारा हथियार के बल पर पशुओं से लदे एक वाहन को छुड़ाने का प्रयास किया गया था। इस दौरान आरोपियों द्वारा खुलेआम हथियार लहराए जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक, गढ़वा के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी धुरकी, पु0अ0नि0 जनार्दन राउत के नेतृत्व में थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बलों के साथ एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी।

पुलिस दबाव में आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

लगातार बढ़ते पुलिस दबाव को देखते हुए मुख्य आरोपी खुस्तर अंसारी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बंशीधर नगर के समक्ष उनके कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण के दौरान आरोपी ने एक देशी पिस्टल भी पुलिस को सौंपा।
अग्रतर पूछताछ में खुस्तर अंसारी ने यह स्वीकार किया कि घटना के समय उसने एक देशी पिस्टल घटनास्थल के पास ही छुपा दी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उक्त देशी पिस्टल को बरामद कर लिया है। जांच करने पर पाया गया कि उसके मैगजीन में दो जिंदा गोली लोड है। इस संबंध में धुरकी थाना कांड संख्या 09/26 एवं 10/26 के तहत समुचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वायरल वीडियो से हुआ था खुलासा

उल्लेखनीय है कि इस घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें खुस्तर अंसारी को पशु तस्करी का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर पिस्तौल तानते हुए देखा गया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया था।

जानकारी के अनुसार झारखंड-उत्तर प्रदेश सीमा से सटे धुरकी थाना क्षेत्र के रास्ते रात के अंधेरे में पिकअप वाहन के जरिए पशुओं की तस्करी की जा रही थी। इसकी सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए वाहन को रोक लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही तस्करों ने फोन कर खुस्तर अंसारी को बुला लिया। खुस्तर के पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। कहासुनी के दौरान अचानक उसने पिस्तौल निकालकर ग्रामीणों की ओर तान दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान का खतरा देख ग्रामीण पीछे हट गए और इसी का फायदा उठाकर तस्कर वाहन समेत फरार हो गए।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now