---Advertisement---

पटना: कुख्यात अपराधी सूर्या डाॅन का एनकाउंटर, STF ने पैर में मारी गोली; दो दर्जन से ज्यादा केस दर्ज थे

On: February 11, 2026 10:51 AM
---Advertisement---

पटना: राजधानी पटना में बुधवार सुबह अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एक कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में राजीव उर्फ सूर्या डॉन घायल हो गया। उसे गोली लगने के बाद गंभीर हालत में नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, सूर्या डॉन लंबे समय से वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था। उसके खिलाफ डकैती, अवैध हथियार रखने, शराब तस्करी और रंगदारी जैसे 24 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज बताए जा रहे हैं। वह लगातार पुलिस से बचते हुए कई जिलों में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

गायघाट इलाके में मिली थी छिपे होने की सूचना

जानकारी के मुताबिक, बुधवार तड़के STF और स्थानीय पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सूर्या डॉन पटना के गायघाट इलाके में छिपा हुआ है और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। यह भी आशंका जताई गई थी कि वह रंगदारी वसूली के उद्देश्य से इलाके में आया हुआ है। सूचना के आधार पर STF की टीम ने इलाके में उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और रणनीतिक घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, जब अपराधी को अपने चारों ओर पुलिस बल दिखाई दिया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में सूर्या को लगी गोली


पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में सूर्या डॉन के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल बरामद होने की बात कही जा रही है।

घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए NMCH ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस बल तैनात है।

खाजेकला का रहने वाला है आरोपी


पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पटना के खाजेकला इलाके का निवासी है और लंबे समय से आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा रहा है। STF अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और आपराधिक कनेक्शन की जानकारी जुटाने की तैयारी में है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now