बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 33 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपने ही माता-पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी की पहचान रोहन चंद्र भट्ट के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार रोहन अपने स्टार्टअप और स्वतंत्र प्रोजेक्ट्स के लिए माता-पिता से आर्थिक मदद मांग रहा था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से उन पर पैसों को लेकर दबाव भी बना रहा था। जब उसके माता-पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो गुस्से में आकर उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में रोहन के पिता रिटायर्ड नेवी कैप्टन नवीन चंद्र भट्ट (60) और मां डॉ. श्यामला भट्ट (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉ. श्यामला पेशे से दंत चिकित्सक थीं।
हमले के बाद आरोपी स्वयं अपने घायल माता-पिता को मणिपाल अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की डॉक्टर माधवी नायर, जो उसी अपार्टमेंट परिसर में रहती हैं, ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया।
मौके से हिरासत में लिया गया आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रोहन को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पैसों को लेकर विवाद ही हत्या की मुख्य वजह सामने आ रही है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।
अमेरिका से लौटा था रोहन
जानकारी के मुताबिक रोहन पहले अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था, लेकिन करीब तीन साल पहले वह बेंगलुरु लौट आया था। यहां वह स्वतंत्र रूप से प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा था और अपना स्टार्टअप शुरू करने की योजना बना रहा था। इसी सिलसिले में उसे पैसों की जरूरत थी।
बेटी के आने के बाद होगा पोस्टमॉर्टम
दंपति की एक बेटी भी है, जो वर्तमान में अमेरिका में रहती है। पुलिस के अनुसार, उसके भारत पहुंचने के बाद ही दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
इस घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।














