सिल्ली :- केनरा बैंक ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (रूडसेटी) ने वित्तीय साक्षरता सप्ताह–2026 के अंतर्गत वित्तीय साक्षरता जागरूकता (फाइनेंशियल लिटरेसी अवेयरनेस) शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का मुख्य विषय केवाईसी – सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम और केवाईसी – योर फर्स्ट स्टेप टू सेफ बैंकिंग रहा।

निदेशक संजीत कुमार ने प्रतिभागियों को केवाईसी अद्यतन (केवाईसी अपडेटेशन) के महत्व, प्रक्रिया और इसके लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय-समय पर केवाईसी अपडेट कराना न केवल बैंकिंग सेवाओं को सुचारू बनाए रखता है, बल्कि धोखाधड़ी, साइबर अपराध और वित्तीय नुकसान से भी बचाता है।
सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं जैसे नेट बैंकिंग, यूपीआई, ओटीपी, पिन, एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि खाता, पीपीएफ खाता तथा बैंकों की अन्य बचत एवं ऋण सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। इस मौके पर बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय से आए अमित कुमार (वरिष्ठ प्रबंधक) और आभा कुमारी (प्रबंधक) भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी बैंकिंग से संबंधित कई जानकारी साझा किए।यह शिविर वित्तीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रति सुरक्षित, पारदर्शी एवं डिजिटल बैंकिंग की ओर प्रेरित करने हेतु आयोजित किया गया था।












