रांची: नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान कर्मियों के बैठने की व्यवस्था, काउंटरवार निर्वाचन सामग्री वितरण, मतपेटियों के सुरक्षित रख-रखाव, वाहन प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मतपेटियों की सीलिंग और लॉकिंग व्यवस्था की स्वयं जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतपेटी पूरी तरह सुरक्षित और त्रुटिरहित होनी चाहिए।

आयोग के निर्देशों के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर और निर्धारित मानकों के तहत पूरी की जाएं। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोपरि है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
22 फरवरी को चरणबद्ध तरीके से होगा डिस्पैच
जिला प्रशासन के अनुसार 22 फरवरी 2026 को मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। रांची नगर निगम एवं बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों को चरणबद्ध तरीके से भेजा जाएगा।
डिस्पैच प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए काउंटरवार टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है और प्रत्येक पोलिंग पार्टी को सामग्री का विधिवत मिलान कर हस्तांतरण सुनिश्चित कराया जाएगा।
संवेदनशील बूथों पर विशेष सुरक्षा
सेक्टर पदाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी और संबंधित कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
कर्मियों के लिए हेल्प डेस्क, मेडिकल व कंट्रोल रूम
मतदान कर्मियों की सुविधा के लिए डिस्पैच सेंटर पर हेल्प डेस्क, कंट्रोल रूम, मेडिकल टीम और परिवहन प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पूर्ण सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया और कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात), अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी, विभिन्न निर्वाची पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।














