रामगढ़: जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए सीसीएल (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) के एक सुरक्षा गार्ड को गोली मार दी। गोली लगने से गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल गार्ड की पहचान भुरकुंडा सयाल निवासी बिहारी राम के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सीसीएल के गांधीनगर अस्पताल, रांची रेफर कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही भुरकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।














