IRE vs ZIM: डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सफर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में लीग राउंड पर ही थम गया। मंगलवार को जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच खेला जाने वाला अहम मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे मैच का टॉस तक नहीं हो सका। कैनडी के पल्लेकेले स्टेडियम में लगातार बारिश के कारण अंपायरों को मैच रद्द करने का फैसला लेना पड़ा।
इस मैच के रद्द होते ही जिम्बाब्वे को अंक तालिका में जरूरी फायदा मिल गया और टीम ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया, जबकि ऑस्ट्रेलिया आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
ऑस्ट्रेलिया की लगातार हार बनी बड़ी वजह
ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले से ही मुश्किल स्थिति में थी। एक दिन पहले कंगारू टीम को श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले 13 फरवरी को जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इन हारों ने ऑस्ट्रेलिया के नेट रन रेट और अंक स्थिति को काफी नुकसान पहुंचाया।
अब ऑस्ट्रेलिया को 20 फरवरी को ओमान के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच खेलना है, लेकिन यह मुकाबला जीतने के बावजूद मिचेल मार्श की कप्तानी वाली टीम अगले दौर में जगह नहीं बना पाएगी।
टूर्नामेंट इतिहास में दूसरी बार जल्दी विदाई
यह दूसरी बार है जब ऑस्ट्रेलिया टी-20 वर्ल्ड कप के लीग स्टेज से बाहर हुआ है। इससे पहले साल 2009 में रिकी पोंटिंग की कप्तानी में टीम लीग राउंड से आगे नहीं बढ़ पाई थी। मौजूदा टूर्नामेंट में भी बड़े खिलाड़ियों से सजी टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी।
दूसरी ओर, जिम्बाब्वे के लिए यह अभियान यादगार साबित हुआ है। मजबूत टीमों के खिलाफ जीत और अहम मौकों पर अंक बटोरते हुए उसने सुपर-8 में जगह बनाई। बारिश से रद्द हुआ मुकाबला भले ही खेला नहीं गया, लेकिन इससे जिम्बाब्वे की मेहनत रंग ले आई।













