बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक शादी समारोह उस वक्त रणक्षेत्र में बदल गया जब जयमाला स्टेज पर सेल्फी को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। गुस्साए दूल्हे ने पहले दुल्हन को लात मार दी और बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर को धक्का देकर स्टेज से नीचे गिरा दिया। इसके बाद बाराती और घराती आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले, कुर्सियां फेंकी गईं और कई लोग घायल हो गए।
घटना शुक्रवार देर रात करीब एक बजे रामनगर थाना क्षेत्र के गणेशपुर कस्बे की बताई जा रही है। यहां रहने वाले एक मूर्तिकार की बेटी की शादी बहराइच निवासी युवक से तय हुई थी, जो टाइल्स लगाने का काम करता है।
जयमाला के बाद लोग दूल्हे के साथ स्टेज पर चढ़कर लगातार सेल्फी ले रहे थे। दूल्हे ने कई बार मना किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी। इसी बात से नाराज होकर उसने आपा खो दिया और दुल्हन को लात मार दी। यह देखकर दुल्हन के पिता समझाने पहुंचे तो दूल्हे ने उनसे भी हाथापाई की और धक्का देकर नीचे गिरा दिया।
दूल्हे की हरकत के बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। कुर्सियां फेंकी गईं और एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए गए। इस दौरान दूल्हे के जीजा का सिर फट गया, जबकि बीच-बचाव में आई उसकी बहन को भी गंभीर चोटें आईं। लड़की पक्ष के मामा, चाचा और चचेरे भाई समेत कई लोग घायल हुए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। स्थानीय पूर्व प्रधान ने भी बीच-बचाव कर समझौता कराने में भूमिका निभाई।
दुल्हन और उसके पिता ने आरोप लगाया कि दूल्हा नशे में था और बिना किसी उकसावे के मारपीट शुरू कर दी। वहीं दूल्हे का कहना है कि उसने शराब नहीं पी थी, बल्कि स्टेज पर खड़े कुछ लोग अभद्र टिप्पणी कर रहे थे और बार-बार मना करने के बावजूद नहीं हट रहे थे, जिससे वह गुस्से में आ गया।
काफी देर तक चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ। टूटे फर्नीचर का नुकसान करीब 5000 रुपये आंका गया, जिसे दोनों पक्षों ने आधा-आधा देने पर सहमति जताई। इसके बाद सुबह करीब चार बजे शादी की बाकी रस्में पूरी कराई गईं।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया है, इसलिए कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।














