उत्तर प्रदेश

चलती ट्रेन में युवती से TTE ने किया रेप, सीट दिलाने का झांसा देकर वारदात को दिया अंजाम

ख़बर को शेयर करें

गोरखपुर: अहमदाबाद–गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में एक बेहद गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई है। बिना टिकट यात्रा कर रही एक एनसीसी कैडेट युवती के साथ ट्रेन के भीतर दुष्कर्म किए जाने का आरोप ट्रैवल टिकट एग्जामिनर (TTE) पर लगा है। पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।

पीड़िता मऊ जिले की रहने वाली है और वर्तमान में गोरखपुर में किराए के मकान में रहकर भर्ती की तैयारी कर रही थी। वह एनसीसी का ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देने मऊ गई थी। परीक्षा के बाद रविवार को लौटते समय स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ और जल्दबाजी के कारण वह टिकट नहीं ले सकी।

सीट दिलाने के बहाने केबिन में ले गया TTE

युवती ने बताया कि ट्रेन में चढ़ने के बाद वह एसी कोच में खड़ी थी। इसी दौरान टीटीई राहुल कुमार ने उससे पूछताछ की। युवती ने अपनी स्थिति बताते हुए टिकट बनवाने और सीट मिलने की बात कही। आरोप है कि टीटीई ने नियम के अनुसार जुर्माना लेकर सीट देने का भरोसा दिलाया और उसे एसी फर्स्ट क्लास कोच में स्थित अपने केबिन में ले गया।

पीड़िता के अनुसार, केबिन में पहुंचते ही टीटीई ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पहले सामान्य बातचीत की, फिर उसका व्यवहार अचानक बदल गया। युवती ने जब विरोध किया तो आरोपी ने बिना टिकट यात्रा का मामला बनाकर कार्रवाई करने की धमकी दी और जबरन दुष्कर्म किया।

112 पर कॉल करते ही आरोपी फरार

घटना इंदारा और देवरिया स्टेशन के बीच बताई जा रही है। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसकी भनक लगते ही आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। गोरखपुर पहुंचने पर युवती ने जीआरपी थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर रेप का केस दर्ज किया गया। बाद में केस को देवरिया जीआरपी थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है।

एसपी जीआरपी का बयान

एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।