जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव प्रचार का शनिवार को अंतिम दिन था। शाम पांच बजे क्षेत्र में चुनावी शोर थम गया। यहां जुगसलाई अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने अपने समर्थकों के क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभिायन चलाया। वहीं, सैकड़ों युवाओं ने वीर कुंवर सिंह चौक से मोटरसाइकिल रैली निकाली, जो स्टेशन रोड, गौशाला चौक, नया बाजार, डिकॉस्टा रोड, चौक बाजार, गौरीशंकर रोड समेत आसपास के इलाकों से होकर गुजरी। इस दौरान उनके प्रति मतदाताओं का जबरदस्त स्नेह और समर्थन देखने को मिला।
दूसरी ओर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास रिंकू सिंह के चौक बाजार स्थित चुनावी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया के बात करते हुए कहा कि राज्य की जनता सत्तारूढ झामुमो, कांग्रेस गठबंधन की राजनीति बखूबी समझ रही है। ये दोनों पार्टियां एक सांप्रदाय विशेष को ध्यान में रख कर काम कर रही हैं। जुगसलाई, मानगो समेत पूरे राज्य की जनता यह भी देख रही है। इसकी प्रतिक्रिया भी इस चुनाव में दिखेगी। रघुवर दास ने कहा कि राज्य में पिछले छह वर्षों से झामुमो-कांग्रस गठबंधन की सरकार है। पिछले तीन वर्ष से टलते-टलते अब झारखंड में नगर निकाय का चुनाव हो रहा है। इससे राज्य में करीब पांच हजार 100 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इस चुनाव को लेकर रांची की भाजपा नेत्री रोशनी खलखो ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। इस पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को फटकार लगाई और मार्च तक राज्य में निकाय चुनाव करा लेने का आदेश दिया। तब जाकर यह चुनाव हो रहा है।
प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में कोल्हान प्रमंडल के सेवानिवृत्त डीआईजी व भाजपा नेता राजीव रंजन सिंह तथा विश्व हिंदू परिषद के सिंहभूम विभाग मंत्री व जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने अलग-अलग प्रेस वार्ता की। उन्होंने हिंदुत्व की रक्षा और जुगसलाई के सर्वांगीण विकास के लिए मतदाताओं से एकजुट होकर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित की अपील की।
पूर्व डीआईजी राजीव रंजन सिंह ने कहा कि नगर परिषद का अध्यक्ष ऐसा व्यक्तित्व होना चाहिए, जिस पर माफिया का टैग नहीं लगा हो। आम आदमी भयमुक्त होकर उसके कार्यालय में जा सके या उनसे मिल सके। वह युवाओं के लिए आदर्श हो। राजीव रंजन सिंह ने कहा कि इस चुनावी जंग में रिंकू सिंह के अलावा एकमात्र निलुफर हुसैन योग्य प्रत्याशी हैं, जो अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। ये दोनों प्रत्याशी पढ़ी-लिखी हैं। हालांकि रिंकू सिंह की पारिवारिक पृष्ठभूमि समाजसेवा से जुड़ी है। ऐसे में मतदाता अध्यक्ष पद पर ऐसे प्रत्याशी का चुनाव करें, जो योग्य और जाति-धर्म की भावना से ऊपर उठ जनसेवा के प्रति समर्पित हो।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की प्रेसवार्ता में विहिप के सिंहभूम विभाग के मंत्री अरुण सिंह ने जुगसलाई के बेहतर भविष्य के लिए पहले मतदान, फिर जलपान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुगसलाई की जनता इस चुनाव को हल्के में न ले। यहां के सभी मतदाताओं से उन्होंने कहा कि जुगसलाई के बेहतर भविष्य के लिए इस चुनाव में एकजुट होकर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें। अरुण सिंह ने कहा कि हाल के वर्षों में जुगसलाई की डेमोग्राफी तेजी से बदली है। यहां मुस्लिम समुदाय में जनसंख्या तेजी से वृद्धि हुई है। दूसरी ओर हिदायतुल्ला खान के समर्थक सरकारी भूमि पर कब्जा जमा कर मुसलमानों को बसा रहे हैं। इसका जीता जागता उदाहरण जुगसलाई के महतो पाड़ा रोड का सरकारी तालाब है, जिसे हितायतुल्ला खान के समर्थकों ने रातों-रात भर कर मुस्लिम समुदाय के लोगों को बसा दिया है।
अरुण सिंह ने कहा कि विगत कुछ वर्षों के दौरान सरस्वती पूजा, रामनवमी और दुर्गा पूजा के दौरान पथराव आदि की घटनाएं सामने आती रही हैं। यदि हिदायतुल्ला खान जुगसलाई नगर परिषद के सैडो अध्यक्ष बने, तो क्षेत्र में आपराधिक तत्वों का बोलबाला तो होगा ही, उक्त पर्व त्योहारों के अवसर पर पूजा-पाठ करना भी मुश्किल हो जाएगा। इसलिए हिंदुत्व की रक्षा के लिए राष्ट्रवादी महिला प्रत्याशी रिंकू सिंह को अपना वोट देकर जुगसलाई को बर्बादी से बचाएं। इस अवसर पर विहिप के जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता मंत्री चंद्रिका भगत, हिंदू पीठ के महासचिव दिलजॉय बोस, बजरंगदल संयोजक चंदन दास, गोपी राव, सबिता सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।










