---Advertisement---

18 दिनों से लापता युवक की तलाश तेज करने की मांग,पंचायत प्रतिनिधियों व बस्तीवासियों का एसपी को ज्ञापन

On: March 5, 2026 10:13 PM
---Advertisement---

जमशेदपुर: बागबेड़ा गांधीनगर निवासी 24 वर्षीय विशाल कुमार सिंह के पिछले 18 दिनों से लापता होने और मामले में पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज पंचायत प्रतिनिधियों एवं बस्तीवासियों ने संयुक्त रूप से आरक्षी अधीक्षक कुमार शिवाशीष को ज्ञापन सौंपकर युवक की शीघ्र सकुशल बरामदगी की मांग की।

लापता युवक की मां सुकू देवी ने अपने आवेदन में बताया कि वह दाई का काम कर घर-घर जाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनका बेटा विशाल कुमार सिंह पिछले 18 दिनों से घर से लापता है। इसकी लिखित सूचना उन्होंने बागबेड़ा थाना में दी थी, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। बेटे के अचानक गायब होने से पूरा परिवार गहरी चिंता और परेशानी में है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और बस्तीवासियों ने सुकू देवी के साथ आरक्षी अधीक्षक कुमार शिवाशीष से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया तथा युवक की जल्द से जल्द तलाश कर उसे सुरक्षित घर वापस लाने की मांग की।

इस संबंध में मुखिया नीनू कुदादा, मायावती टुडू तथा पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि जब किसी पूंजीपति या व्यवसायी के बेटे के लापता होने की सूचना मिलती है तो पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय होकर उसे सकुशल बरामद कर लेता है। उसी प्रकार इस गरीब महिला के बेटे की भी गंभीरता से खोजबीन कर उसे सुरक्षित वापस लाया जाना चाहिए।

मामले की जानकारी मिलने पर आरक्षी अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बागबेड़ा थाना प्रभारी और संबंधित डीएसपी से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन की जा रही कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश देते हुए युवक को जल्द सकुशल बरामद करने का आश्वासन भी दिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और पुरुष उपस्थित थे, जिन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें