---Advertisement---

महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड से की शादी, डायरेक्टर ने बताया लव जिहाद; कहा- मैनेजर ने सौदा किया

On: March 12, 2026 12:42 PM
---Advertisement---

Monalisa Wedding: महाकुंभ के दौरान अपनी अनोखी नीली-भूरी आंखों और अलग अंदाज के कारण सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी शादी बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में मोनालिसा दुल्हन के रूप में नजर आ रही हैं और उनके साथ उनके बॉयफ्रेंड फरमान खान भी दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि दोनों ने केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित अरुमनूर मंदिर में विवाह कर लिया है।

वीडियो में मोनालिसा मांग में सिंदूर लगाए हुए मंदिर परिसर में खड़ी दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को दोनों ने मंदिर में सादे समारोह के बीच शादी रचाई।

सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा है कि इस विवाह समारोह में केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, सीपीएम के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदम और सांसद ए.ए. रहीम भी मौजूद थे।

बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही मोनालिसा अपने प्रेमी फरमान खान के साथ तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं। वहां दोनों ने पुलिस से संपर्क कर सुरक्षा की मांग की थी। मोनालिसा ने पुलिस को बताया था कि उनके पिता विजय सिंह भोसले उन पर अपनी पसंद के लड़के से शादी करने का दबाव बना रहे हैं। ऐसे में दोनों ने अपनी मर्जी से साथ रहने की इच्छा जताई और किसी भी तरह की धमकी से सुरक्षा देने की गुहार लगाई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोनालिसा और फरमान खान की पहचान करीब डेढ़ साल पहले फेसबुक के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। जब दोनों ने शादी का फैसला किया तो परिवार की तरफ से विरोध शुरू हो गया, जिसके बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।

इस बीच मोनालिसा की आने वाली फिल्म ‘द मणिपुर डायरी’ के निर्देशक सनोज मिश्रा ने इस पूरे मामले पर चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि मोनालिसा लव जिहाद का शिकार हो चुकी हैं। उनका कहना है कि मोनालिसा का जीवन काफी संघर्षों से भरा रहा है और परिवार के भीतर भी कई मुश्किलें थीं। उन्होंने लिखा कि मोनालिसा अक्सर अपनी असली मां को याद कर भावुक हो जाती थीं और कई बार उन्होंने अपने हालात से बगावत करने की इच्छा भी जताई थी। सनोज मिश्रा ने लिखा कि यह कोई बगावत नहीं बल्कि एक साजिश है और यह उनकी जिंदगी का सबसे बुरा दिन है। सनोज मिश्रा ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने मोनालिसा को पैसों का लालच देकर गलत रास्ते पर धकेल दिया। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों पर उन्होंने भरोसा किया था, वही बाद में उनके खिलाफ खड़े हो गए और मोनालिसा को उनसे दूर कर दिया।

सनोज ने आगे आरोप लगाया कि जिस शिक्षक को उन्होंने मोनालिसा को पढ़ाने के लिए रखा था, वही बाद में उनका मैनेजर बन गया और दलाल की तरह काम करने लगा। उनके मुताबिक, उसी ने मोनालिसा को बहकाकर यह कदम उठवाया है।

अपने पोस्ट में उन्होंने यह भी कहा कि महाकुंभ में वायरल होने के बाद मोनालिसा अपने डेरे महेश्वर लौट गई थीं। उनकी सादगी और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उन्होंने मोनालिसा को ट्रेनिंग देकर अपनी फिल्म ‘द मणिपुर डायरी’ में अभिनेत्री के रूप में लॉन्च करने की घोषणा की थी, जिसे देश-विदेश में काफी सराहना मिली थी।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। एक तरफ लोग मोनालिसा को नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं। वहीं मोनालिसा या उनके परिवार की ओर से अब तक इस वायरल वीडियो और शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now