खासम ख़ास

जिंदा हैं अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी, ईरानी मीडिया का दावा; कहा- मौत की खबर महज अफवाह

ख़बर को शेयर करें

तेहरान: ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्ते बघेरजादेह को लेकर फैली मौत की खबरों पर अब विराम लग गया है। ईरान की सरकारी मीडिया ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताते हुए स्पष्ट किया है कि मंसूरेह खोजस्ते बागेरजादेह जीवित हैं और उनके निधन से जुड़ी सभी खबरें महज अफवाह हैं।

गुरुवार को ईरान के सरकारी मीडिया संस्थानों ने बयान जारी कर कहा कि सोशल मीडिया और कुछ विदेशी प्लेटफॉर्म्स पर चल रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। इन खबरों में दावा किया गया था कि अमेरिका और इजराइल के हमलों में अयातुल्ला खामेनेई की पत्नी की भी मौत हो गई है, लेकिन अब आधिकारिक तौर पर इसे खारिज कर दिया गया है।

दरअसल, हाल के दिनों में क्षेत्रीय तनाव और सैन्य हमलों के बीच कई तरह की अपुष्ट खबरें सामने आई थीं। इन्हीं खबरों के बीच यह भी कहा गया कि हमलों के दौरान अयातुल्ला खामेनेई की पत्नी भी मारी गई थीं। इस दावे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा पैदा कर दी थी।

इसी बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने पद संभालने के बाद अपना पहला सार्वजनिक बयान दिया। इस बयान में उन्होंने देश की सुरक्षा, क्षेत्रीय हालात और अपने पिता की मौत का जिक्र किया, लेकिन अपनी मां के निधन को लेकर कोई बात नहीं कही। उनके इस बयान के बाद ही अटकलों का दौर तेज हो गया और कई लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए।

हालांकि अब ईरानी मीडिया ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि मंसूरेह खोजस्ते बागेरजादेह सुरक्षित हैं और उनकी मृत्यु से जुड़ी खबरें निराधार हैं। सरकारी सूत्रों का कहना है कि मौजूदा तनावपूर्ण हालात में गलत सूचनाएं तेजी से फैल रही हैं, इसलिए लोगों को केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करना चाहिए।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।