---Advertisement---

श्री रुद्र महायज्ञ: दही-हांडी और राधा-कृष्ण झांकी ने बांधा समां, श्रद्धालु हुए भाव-विभोर

On: March 15, 2026 5:51 PM
---Advertisement---

गढ़वा: जिला मुख्यालय के ग्राम जोबरईया स्थित बंडा पहाड़ के नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में चल रहे विराट श्री रुद्र महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन संध्या 6 बजे से आयोजित पावन श्रीराम कथा अमृतवर्षा कार्यक्रम में अयोध्या से पधारे कथाव्यास आचार्य पंकज शांडिल्य जी महाराज श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करा रहे हैं।

रविवार को कथा प्रवचन के दौरान आचार्य पंकज शांडिल्य जी ने योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं तथा उनके माखनचोर रूप का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने विश्व के कल्याण के लिए शेषनाग और गिरिधर का रूप धारण कर धर्म की रक्षा की।

कथा के समापन पर वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा दही-हांडी कार्यक्रम और राधा-कृष्ण की सुंदर झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वहीं पूज्य महाराज जी के साथ आए संगीतकारों ने भक्ति गीतों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

महायज्ञ के आठवें दिन की शुरुआत पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह भगवान शिव के रुद्राभिषेक से हुई, जिसके बाद दैनिक हवन-पूजन संपन्न कराया गया। संध्या 6 बजे यज्ञशाला के समीप बने भाव कथा मंडप में व्यासपीठ पूजन के साथ श्रीराम कथा अमृत प्रवचन का शुभारंभ हुआ, जिसमें सभी यजमानों ने भाग लिया।

आज के कथा कार्यक्रम में गढ़वा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशीष सोनी तथा आजसू पार्टी के गढ़वा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने ठाकुर जी, कथाव्यास एवं यज्ञाधीश महाराज को माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में श्री रुद्र महायज्ञ जागृति युवा क्लब के अध्यक्ष एवं मुख्य यजमान जितेंद्र कुमार पाल भी मंच पर उपस्थित रहे। व्यासपीठ पूजन के बाद महायज्ञ समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पाल तथा नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी ने महायज्ञ के लिए अपना खेत उपलब्ध कराने वाले ग्राम जोबरईया के किसान करमूं पाल, अजय पाल और वीरेंद्र पाल को संयुक्त रूप से सम्मानित किया।

महायज्ञ में लगभग 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपने जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। श्रद्धालु ॐ नमः शिवाय और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ यज्ञशाला की परिक्रमा कर रहे थे।

मेला परिसर में पूजा-प्रसाद सामग्री की दुकानें, श्रृंगार स्टोर, मिठाई की दुकानें, खिलौने की दुकानें और झूले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

प्रधान संयोजक राकेश कुमार पाल ने महायज्ञ आयोजन समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि महायज्ञ के दौरान पूरे परिसर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। भंडारा में उपयोग किए जा रहे गिलास और पत्तलों का प्रतिदिन समुचित निपटारा किया जाए। वहीं मेला परिसर में रखे गए सभी टैंकरों में पानी की निर्बाध आपूर्ति ऊंचरी निवासी लोकनाथ मेहता और सुनील मेहता द्वारा निशुल्क कराई जा रही है।

कार्यक्रम में उत्सव गार्डन गढ़वा के प्रोपराइटर अनिल सोनी, एसकेडी के संचालक संजय सोनी, हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु तथा जिला प्रशासन की ओर से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now