चतरा: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित कासियतू करमटांड जंगल में 23 फरवरी को हुए एयर एंबुलेंस हादसे से जुड़ा एक अहम सुराग सामने आया है। हादसे के 21 दिन बाद विमान का दूसरा इंजन जंगल से बरामद किया गया है। इंजन मिलने के बाद जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों तक पहुंचने में अब मदद मिल सकती है।
बताया जा रहा है कि रविवार को जंगल में महुआ चुनने गई कुछ महिलाओं की नजर अचानक एक भारी धातु के टुकड़े पर पड़ी। इसके बाद महिलाओं ने तुरंत इसकी सूचना सिमरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बरामद इंजन को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार यह इंजन दुर्घटना स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल के अंदर मिला है। संभावना जताई जा रही है कि हादसे के समय विमान के टुकड़े हवा में बिखरकर अलग-अलग जगहों पर जा गिरे थे, जिसके कारण इंजन इतनी दूरी पर मिला।
गौरतलब है कि 23 फरवरी को इसी इलाके में एक एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में पायलट, मरीज, डॉक्टर, पारामेडिकल स्टाफ और मरीज के परिजन शामिल थे। दुर्घटना के बाद से ही जांच एजेंसियां विमान के अलग-अलग हिस्सों की तलाश कर रही थीं ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
इधर बरामद इंजन को पुलिस ने सुरक्षित रख लिया है और विशेषज्ञ जांच टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इंजन की तकनीकी जांच से विमान दुर्घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि जांच एजेंसियों के पहुंचने के बाद इंजन को उनके हवाले कर दिया जाएगा, जिसके बाद विस्तृत तकनीकी जांच की प्रक्रिया शुरू होगी।














