---Advertisement---

राज्यसभा चुनाव: 10 राज्यों की 37 सीटों के नतीजे घोषित, NDA ने मारी बाजी, ओडिशा-हरियाणा में कांग्रेस विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग

On: March 17, 2026 8:40 AM
---Advertisement---

Rajyasabha Election 2026: देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित कर दिए गए। परिणामों में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को स्पष्ट बढ़त मिली है। एनडीए के खाते में 22 सीटें गईं, जबकि विपक्ष को 15 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में एनडीए को कुल 10 सीटों का फायदा हुआ है, वहीं विपक्ष को इतनी ही सीटों का नुकसान उठाना पड़ा।

इन 37 सीटों में से 26 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए थे। जबकि हरियाणा, बिहार और ओडिशा में कुल 11 सीटों पर सोमवार (16 मार्च) को मतदान कराया गया। इन 11 सीटों में से 9 सीटें एनडीए ने जीत लीं, जबकि विपक्ष के हिस्से केवल 2 सीटें आईं। ओडिशा और हरियाणा में कांग्रेस के विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग की खबर सामने आई, जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुए। वहीं बिहार में विपक्षी गठबंधन के चार विधायक मतदान के समय अनुपस्थित रहे, जिससे एनडीए को सीधा फायदा मिला।

बिहार में महागठबंधन को झटका

बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के चुनाव में एनडीए ने महागठबंधन को करारी मात दी। एनडीए के सभी पांच उम्मीदवार चुनाव जीतने में सफल रहे, जबकि आरजेडी के उम्मीदवार एडी सिंह को हार का सामना करना पड़ा। एनडीए की ओर से जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा के शिवेश राम विजयी घोषित किए गए।

दिन के शुरुआती समय में आरजेडी अपने उम्मीदवार की जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही थी, लेकिन शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक कांग्रेस के तीन और आरजेडी के एक विधायक मतदान के लिए नहीं पहुंचे। इन चार विधायकों के अनुपस्थित रहने के कारण महागठबंधन के उम्मीदवार एडी सिंह को अपेक्षित 41 वोट के बजाय केवल 37 वोट ही मिल सके और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

हरियाणा में देर रात आया फैसला

हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव का परिणाम मतदान समाप्त होने के करीब नौ घंटे बाद आधी रात करीब एक बजे घोषित किया गया। यहां भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध ने जीत दर्ज की। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा।
इस चुनाव में कुल 90 विधायकों को मतदान करना था, लेकिन इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के दो विधायक वोट डालने नहीं पहुंचे। इसके अलावा कांग्रेस के चार और भाजपा का एक वोट रद्द हो गया, जिससे कुल 83 वोट ही वैध माने गए।

भाजपा के पास 48 विधायक थे, जिनमें से एक का वोट रद्द हो गया। पहली प्राथमिकता में संजय भाटिया को 39 और सतीश नांदल को 8 वोट मिले। कांग्रेस के पास 37 विधायक थे, लेकिन चार वोट रद्द हो गए और पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर दी, जिससे पार्टी की स्थिति कमजोर हो गई।

ओडिशा में क्रॉस वोटिंग और हंगामा

ओडिशा में राज्यसभा की चार सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा के मनमोहन सामल और सुजीत कुमार ने जीत हासिल की। इसके अलावा एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे भी विजयी रहे। चौथी सीट पर बीजू जनता दल (बीजेडी) के संत्रुप्ता मिश्रा ने जीत दर्ज की। यहां मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग का बड़ा मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि बीजेडी और कांग्रेस के कुल 11 विधायकों ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया। इस दौरान भुवनेश्वर में मतदान केंद्र पर बीजेडी और भाजपा के विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

राज्यसभा चुनाव के इन परिणामों को संसद के ऊपरी सदन में राजनीतिक समीकरण बदलने वाला माना जा रहा है। एनडीए की बढ़त से केंद्र सरकार की रणनीतिक स्थिति और मजबूत होगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें

गैंगस्टर प्रिंस खान के संपर्क में कई सफेदपोश,पत्रकार,लेनदेन चैटिंग रिकॉर्ड और बैंक खातों की विस्तृत जानकारी मिली, धनबाद एसएसपी का खुलासा

टाटानगर स्टेशन चौक पर अज्ञात वाहन ने महिला को रौंदा,मौत,ड्राइवर गाड़ी समेत फरार

चाईबासा:होटलों एवं रेस्टोरेंटों में साफ-सफाई व खाद्य गुणवत्ता को लेकर भाजपाई दुवारिका शर्मा ने सौंपा ज्ञापन

अफगानिस्तान पर पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, अस्पताल और रिहायशी इलाकों में गिराए बम; 400 की मौत; 250 से ज्यादा घायल

राज्यसभा चुनाव: ओडिशा में बीजेडी-कांग्रेस के 11 विधायकों ने बीजेपी के पक्ष में की क्रॉस वोटिंग, बिहार में NDA पांचों सीटें जीती, हरियाणा में काउंटिंग रूकी

केरलम विधानसभा चुनाव फिर से एक बार जीतने के लिए भाजपा ने खास रणनीति के तहत 47 उम्मीदवारों की सूची की जारी,देखें