बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने साउथ ईस्टर्न रेलवे में कार्यरत जूनियर इंजीनियर रविंद्र कुमार को ₹10,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी इंजीनियर भोजूडीह में पदस्थापित है और एक निजी कंपनी को बिजली कनेक्शन देने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। इंजीनियर ने शुरुआत में ₹15,000 की डिमांड की थी। कंपनी प्रबंधन ने इस मामले की लिखित शिकायत CBI से की, जिसमें आरोप लगाया गया कि बिना घूस दिए कनेक्शन देने में जानबूझकर देरी की जा रही है।
CBI ने शिकायत मिलने के बाद मामले की प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एजेंसी ने ट्रैप बिछाने की योजना तैयार की। बातचीत के दौरान इंजीनियर रविंद्र कुमार ने यह सहमति दी कि वह कनेक्शन देने से पहले ₹10,000 और काम पूरा होने के बाद ₹5,000 अतिरिक्त लेगा।
मंगलवार को CBI की टीम ने शिकायतकर्ता के जरिए आरोपी को रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए पकड़ लिया। जैसे ही इंजीनियर ने पैसे लिए, पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद CBI की एक टीम आरोपी के आवास और कार्यालय में तलाशी अभियान चला रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस दौरान और भी महत्वपूर्ण दस्तावेज या साक्ष्य मिल सकते हैं, जिससे मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
बोकारो में CBI की बड़ी कार्रवाई, रेलवे के जूनियर इंजीनियर को 10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा














