---Advertisement---

मुरादाबाद से ISIS आतंकी गिरफ्तार, पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था

On: March 18, 2026 8:48 AM
---Advertisement---

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने सहारनपुर निवासी एक छात्र को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है, जो आतंकी संगठन ISIS के लिए ऑनलाइन प्रचार-प्रसार कर रहा था

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हारिश अली के रूप में हुई है, जो बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) के द्वितीय वर्ष का छात्र है और मुरादाबाद के एक निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।

ATS अधिकारियों के मुताबिक, हारिश अली ने ‘अल अत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन’ नाम से एक सोशल मीडिया ग्रुप बनाया हुआ था। इस ग्रुप के माध्यम से वह ISIS से जुड़ी वीडियो, फोटो और प्रचार सामग्री लगातार साझा करता था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न आतंकी मीडिया चैनलों और ऑनलाइन पत्रिकाओं को फॉलो करता था और वहां से सामग्री लेकर अपने नेटवर्क में फैलाता था।

छापेमारी के दौरान आरोपी के लैपटॉप और अन्य डिजिटल डिवाइस से ISIS से जुड़े कई आपत्तिजनक वीडियो, फोटो और दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह सामग्री युवाओं को भड़काने और संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से इस्तेमाल की जा रही थी।

ATS के अनुसार, हारिश अली एन्क्रिप्टेड ऐप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए सक्रिय था। वह कथित तौर पर युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा की ओर आकर्षित करता था और उन्हें आतंकी संगठन से जुड़ने के लिए प्रेरित करता था।

पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह दुनिया में शरिया कानून लागू करने की विचारधारा से प्रभावित था। अधिकारियों के अनुसार, उसने अपने ग्रुप के सदस्यों को ‘जिहाद’ के नाम पर फिदायीन हमलों के लिए भी उकसाया।

जांच एजेंसियों ने खुलासा किया है कि आरोपी का संपर्क पाकिस्तान समेत कुछ अन्य विदेशी ठिकानों पर मौजूद ISIS से जुड़े हैंडलर्स से था। फिलहाल ATS इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और देश-विदेश में सक्रिय ऑनलाइन मॉड्यूल की पहचान की जा रही है।

ATS अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now