इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के तिलक थाना क्षेत्र से बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बंगाली चौराहे के नजदीक प्रीति नगर (छोटा राजवाड़ा क्षेत्र) में एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार को चार्जिंग पर लगाया गया था। इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट में धमाका हो गया, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास स्थित मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थिति तब और भयावह हो गई जब घर में रखे गैस सिलेंडरों ने आग पकड़ ली। बताया जा रहा है कि मकान में करीब 15 गैस सिलेंडर मौजूद थे, जिनमें से कम से कम 4 सिलेंडर तेज धमाकों के साथ फट गए। धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में किसी मांगलिक कार्यक्रम (संभवत: शादी) की तैयारी चल रही थी। इसी वजह से कई रिश्तेदार भी घर में ठहरे हुए थे। हादसे के समय सभी लोग गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। साथ ही एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद अब तक 7 शवों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर और जिला कलेक्टर खुद मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।













