पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में एक स्थानीय मार्बल व्यवसायी से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब एक मार्बल व्यवसायी ने थाना में आवेदन देकर बताया कि अज्ञात नंबरों से उसे लगातार कॉल कर रंगदारी की मांग की जा रही है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान यह सामने आया कि पूरे घटनाक्रम के पीछे एक सुनियोजित साजिश थी, जिसे अंजाम देने के लिए आरोपियों ने चोरी के मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया ताकि उनकी पहचान छिपी रहे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी रविशंकर कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह और प्रिंस कुमार मेहता ने मिलकर रंगदारी वसूली की योजना बनाई थी। इनके सहयोगी शुभम केशरी और अमन चौरसिया रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में गरीब और असहाय लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन चोरी करते थे। इन्हीं चोरी के मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर व्यवसायी को धमकियां दी जाती थीं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर उनके घरों से रंगदारी मांगने में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड, दो अन्य चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
रविशंकर कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह (24 वर्ष), निवासी शोभा, थाना हैदरनगर
अमन कुमार चौरसिया (19 वर्ष), निवासी मकरा रोड, पुरानी बाजार जपला
शुभम केशरी (20 वर्ष), निवासी मकरा रोड, पुरानी बाजार जपला
फरार आरोपी
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपी रविशंकर सिंह पर पहले भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। वहीं अमन चौरसिया और शुभम केशरी भी मारपीट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में पहले संलिप्त रह चुके हैं। फरार आरोपी प्रिंस कुमार मेहता भी लूट और अन्य मामलों में वांछित है।














