आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी डील, 15289 करोड़ रुपये में बिकी राजस्थान रॉयल्स
जयपुर: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की दुनिया में एक ऐतिहासिक बदलाव सामने आया है। राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी अब नए स्वामित्व में जाने वाली है। भारत में जन्मे और अमेरिका में स्थापित प्रसिद्ध उद्योगपति काल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने टीम को खरीदने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
इस बड़ी डील के तहत राजस्थान रॉयल्स की कीमत 1.63 बिलियन डॉलर (लगभग 15,282 करोड़ रुपये) तय की गई है। खास बात यह है कि यह सौदा इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा अधिग्रहण माना जा रहा है।
हालांकि, यह स्वामित्व परिवर्तन तत्काल प्रभाव से लागू नहीं होगा। समझौते के अनुसार, यह डील आईपीएल 2026 सीजन के बाद प्रभावी होगी। इसके बाद टीम का पूर्ण नियंत्रण सोमानी के नेतृत्व वाले समूह के पास आ जाएगा।
इस सौदे के साथ ही राजस्थान रॉयल्स आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बनने जा रही है। यह पहली बार है जब किसी आईपीएल टीम की कीमत 1 बिलियन डॉलर से अधिक आंकी गई है, जो लीग की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता और व्यावसायिक क्षमता को दर्शाता है।
गौरतलब है कि काल सोमानी पहले से ही राजस्थान रॉयल्स में अल्पसंख्यक हिस्सेदारी रखते थे। तकनीक और निवेश के क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ रही है। उन्होंने एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक जैसे क्षेत्रों में कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की स्थापना की है।
अब तक राजस्थान रॉयल्स का संचालन भारतीय मूल के ब्रिटिश उद्योगपति मनोज बदाले और उनके सहयोगियों के हाथों में था। उनके नेतृत्व में टीम ने कई उतार-चढ़ाव देखे और अपनी पहचान बनाए रखी।
