श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): चैत्र नवरात्र के अवसर पर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 पूर्णानगर स्थित देवी धाम सेवा समिति द्वारा सोमवार की शाम भव्य आरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव ने विधिवत पूजा अर्चना के बाद मां देवी की आरती उतारकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आरती के दौरान ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर देवी धाम सेवा समिति की ओर से विधायक को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति, भक्ति और आस्था का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों में आपसी प्रेम व भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे, यही कामना है।
कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक जोखू प्रसाद,आलोक कुमार,हीरा प्रसाद, लखन मेहता,समिति के अध्यक्ष उदित कुमार, उपाध्यक्ष आनंद कुमार, सचिव सचिन कुमार मेहता, कोषाध्यक्ष सत्यम कुमार, दीपक कुमार, सदस्य शुभम कुमार, राजू मेहता, बादल, ऋतिक कुमार, शनि, सोजल, विशाल, राहुल, छोटे लाल मेहता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।














