
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में सोमवार, 14 सितंबर को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हलुदबनी से नामो टोला जाने वाली सड़क पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढेनुमा तालाब में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में एक बीमार वृद्धा समेत चार लोग सवार थे। सभी को स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कांच का शीशा तोड़ना पड़ा और हाइड्रा मंगा कर कार को पानी भरे गड्ढे से निकाला गया।
बताया जाता है कि कार सवार लोग बीमार वृद्धा को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान हलुदबनी और नामो टोला के बीच अचानक कार चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद कार सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार करीब तीन बार पलटने के बाद पानी में समा गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार को पानी में गिरता देख स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए कार के शीशे तोड़े और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान बीमार वृद्धा समेत चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। सड़क पर जलजमाव और खराब ड्रेनेज सिस्टम के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों के अनुसार, मार्ग की बदहाली को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और सड़क किनारे बने खतरनाक गड्ढों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।






