साहिबगंज: साहिबगंज सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। ईमेल से ऐसी खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कोर्ट परिसर को खाली करा दिया। प्रशासन और पुलिस सुरक्षा एजेंसी अलर्ट मोड पर आ गई है। पूरा कोर्ट छावनी में तब्दील हो गया है।बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों को तुरंत मौके पर पहुंची । आधुनिक उपकरणों की मदद से कोर्ट परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की. संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया. हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है.
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ, डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
खबरों के मुताबिक एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में प्रवेश पूरी तरह नियंत्रित कर दिया गया. आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की गई. सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के इलाकों में भी गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त हेमंत सती मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को हर स्तर पर सतर्क रहने का निर्देश दिया. प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लिया जाएगा और पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
धमकी भरी ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी टीमों को लगाया गया है. साइबर विशेषज्ञ इस बात की जांच कर रहे हैं कि मेल कहां से भेजी गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस और स्क्वॉड टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी प्रकार की हताहत की सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
उपायुक्त हेमंत सती ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर पहलू की जांच की जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
घटना के बाद पूरे साहिबगंज और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. हालांकि अब तक किसी विस्फोटक के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति को सामान्य बनाए रखने की कोशिश जारी है.










