नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के साउथ दिल्ली के पॉश इलाके सी.आर. पार्क में डबल मर्डर से सनसनी मच गई है। जहां धारदार हथियार से पिता और पुत्र की हत्या की गई है। हत्या फ्लाइट में घुसकर की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पिता पुत्र प्रॉपर्टी डीलर है जिनकी पुरानी रंजिश में हत्या कर दी गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस लग गई है। जगह-जगह छापामारी की जा रही है। आरोपी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान पिता राकेश (60) और बेटे करन (30) के रूप में हुई है. यह वारदात तारा अपार्टमेंट (Tara Apartment) के एक फ्लैट के अंदर हुई. बताया जा रहा है कि आरोपी का पिता और बेटे से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया.
सूत्रों के अनुसार आरोपी घर पहुंचा, जहां पहले बहस हुई. बहस कुछ ही देर में हिंसक हो गई और आरोपी ने पिता और पुत्र पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और फ्लैट में ही लहूलुहान होकर गिर पड़े.
घायलों को अस्पताल ले जाया गया
घटना के बाद दोनों को तुरंत इलाज के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया.
दोहरी हत्या की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास के लोग दहशत में हैं और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
सूत्रों के मुताबिक आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार रेड कर रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वारदात के हर पहलू को खंगाला जा रहा है.









