पलामू :मेदिनीनगर से एक सनसनी खेज खबर आ रही है जहां युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। जिसका शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना की जानकारी मिलते हैं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से बीती रात एक युवक को जबरन अगवा कर लिया गया। मृतक का नाम विनीत तिवारी बताया जा रहा है।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात विनीत तिवारी रेडमा के समदा आहर के पास मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। बात बढ़ने के बाद आरोपियों ने उसका जबरन अपहरण कर लिया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और फिर पुलिस को सूचना दी।
परिजनों ने विनीत के पड़ोस में रहने वाले दो युवकों पर अपहरण का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थानेदार ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक कार भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस अहम सुराग मानकर जांच कर रही है।
रविवार को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से विनीत तिवारी का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। शव बरामद होने के बाद पलामू एसपी कपिल चौधरी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने स्निफर डॉग की मदद से भी अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की।
कई लोग हिरासत में, पुलिस की ताबड़तोड़ जांच
डीएसपी राजीव रंजन ने शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि पुलिस को घटना से संबंधित आवेदन मिले हैं और हर एंगल से जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो पुलिस को जरूर बताएं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जमीन विवाद की आशंका, एसपी ने दिया सख्त संदेश
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को भी एक संभावित कारण माना जा रहा है। एसपी ने साफ कहा कि जमीन विवाद के नाम पर अपराध को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले को हत्या, अपहरण और आपराधिक साजिश के एंगल से देखा जा रहा है।









