---Advertisement---

प० बंगाल से चुनाव प्रचार कर लौटे झारखंडी वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर की तबीयत बिगड़ी,अस्पताल में भर्ती

On: April 28, 2026 9:36 PM
---Advertisement---

रांची: पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कर लौटने के बाद झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तबीयत अचानक बिगड़ने की खबर है। जिन्हें रांची के सेंटेविटा अस्पताल में दाखिल कराया गया था।वित्त मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही सीएम हेमंत सोरेन भी सेंटेविटा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से राधाकृष्ण किशोर के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा रही। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने भी मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है।

बताया जा रहा है कि रविवार को मंत्री पश्चिम बंगाल से मेदिनीनगर, पलामू पहुंचे थे। इसी दौरान उनके अस्वस्थ होने की जानकारी सामने आई। शुरुआत में उन्होंने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर सोमवार शाम रांची लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को पलामू परिसदन में उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंताओं के साथ पेयजल संकट को लेकर एक अहम बैठक की थी। इस दौरान भी वे पूरी तरह स्वस्थ नहीं दिख रहे थे। जब अधिकारियों और सहयोगियों ने उनकी तबीयत के बारे में पूछा तो उन्होंने लूज मोशन की शिकायत बताई। इसके बाद मेदिनीनगर के चिकित्सक डॉ. आर.के. रंजन ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
प्राथमिक इलाज के बाद भी उनकी तबीयत में खास सुधार नहीं हुआ। सोमवार रात उनकी स्थिति और बिगड़ गई, जिसके बाद मंगलवार सुबह उन्हें रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। कई जरूरी मेडिकल जांच भी कराई जा रही हैं, ताकि बीमारी की सही वजह का पता लगाया जा सके और समय पर बेहतर इलाज दिया जा सके।

पलामू सहित आसपास के इलाकों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ा हुआ है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि लगातार दौरे, व्यस्त कार्यक्रम और तेज गर्मी की वजह से मंत्री की तबीयत प्रभावित हुई हो। हालांकि डॉक्टरों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी। फिलहाल सभी की नजर उनके स्वास्थ्य पर बनी हुई है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now