---Advertisement---

बंगाल में चुनाव बाद हिंसा तेज, पुलिस पर फायरिंग; कई जवान घायल

On: May 6, 2026 1:44 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता डेस्क

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार देर रात उत्तर 24 परगना जिले के नैजाट इलाके में हिंसा की बड़ी घटना सामने आई, जहां उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, नैजाट थाना क्षेत्र के राजबाड़ी इलाके में दो गुटों के बीच झड़प की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान एक घर के अंदर से अचानक फायरिंग शुरू हो गई। इस हमले में नैजाट थाना प्रभारी भरत प्रसून कर के पैर में गोली लग गई, जबकि एक अन्य कांस्टेबल भी घायल हो गया।

घटना में कुल तीन पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल के दो जवान घायल हुए हैं। सभी घायलों को कोलकाता के चित्तरंजन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर साकेट बम बरामद किए हैं और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

निर्वाचन आयोग सख्त
इस बीच चुनाव आयोग ने राज्य में बढ़ती हिंसा पर सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मुख्य सचिव, डीजीपी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को निर्देश दिया है कि चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त न किया जाए।

आयोग ने प्रशासन और केंद्रीय बलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा है कि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थिति नियंत्रण में रह सके।

बताया जा रहा है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में हिंसा, तोड़फोड़ और हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now