झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा।।सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए पुराने गृह रक्षकों को हटाकर उनकी जगह 9 नए होमगार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई।
बताया गया कि पिछले कुछ समय से अस्पताल में तैनात कुछ गृह रक्षकों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। प्रशासन ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पहले ही सभी पुराने सुरक्षाकर्मियों को बदलने का निर्णय लिया था। इसी के तहत शुक्रवार से नए जवानों ने अस्पताल परिसर में ड्यूटी संभाल ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजय कुमार ने नए सुरक्षाकर्मियों की ब्रीफिंग करते हुए उन्हें पूरी मुस्तैदी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अस्पताल परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। अस्पताल प्रबंधन को स्थानीय थाना और पुलिस कंट्रोल रूम के साथ लगातार संपर्क में रहने को कहा गया है। इसके अलावा सुरक्षाकर्मियों का स्पष्ट रोस्टर तैयार कर प्रत्येक शिफ्ट में पर्याप्त जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधक को समय-समय पर सुरक्षाकर्मियों की क्लास लेने और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी जानकारी ली।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि उपायुक्त के नेतृत्व में जिला प्रशासन स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और विधि-व्यवस्था जैसे मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर कार्य कर रहा है। अस्पताल आने वाले मरीजों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
मौके पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यामानी, अस्पताल प्रबंधक विकास केसरी, थाना प्रभारी सुनील तिवारी, उप निरीक्षक अविनाश कुमार तथा होमगार्ड इंस्पेक्टर दिलीप कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।













