गढ़वा :शहर में शनिवार को क्षत्रिय गौरव मंच की ओर से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का आयोजन समाज के लोगों की उपस्थिति में किया गया, जहां वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप को याद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह उर्फ चुन्नू सिंह ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह ने महाराणा प्रताप की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में गिरिनाथ सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में बिता दिया। उनका बलिदान केवल एक समाज के लिए नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को महाराणा प्रताप के साहस, स्वाभिमान और देशभक्ति से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि क्षत्रिय समाज के महापुरुषों की जयंती मनाने से नई पीढ़ी को इतिहास और संस्कृति की जानकारी मिलती है। समाज को संगठित रखने और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से क्षत्रिय गौरव मंच आगे भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में मंच के महासचिव जितेन्द्र सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए समाज में एकता और जागरूकता पर बल दिया। वहीं उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के शौर्य और संघर्ष को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जसवंत सिंह, बाबूल सिंह, उमेश सिंह, कृपाल सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, विक्की सिंह, नवीन सिंह, अनुज सिंह, लकी सिंह, राजा सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।









