शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाएं, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नगर ऊंटारी थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने की। बैठक में थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं दोनों समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अफवाह, अशांति या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विशेष रूप से प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण रोक लगाने की बात कही गई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हाल में प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी नहीं दी जाए। साथ ही धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए खुले स्थान, सड़क, सार्वजनिक स्थल अथवा बाजार क्षेत्र में कुर्बानी नहीं करने की अपील की गई।
साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। प्रशासन की ओर से कहा गया कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों को खुले में नहीं फेंका जाए। उन्हें उचित तरीके से गहरे गड्ढों में दबाया जाए अथवा प्रशासन द्वारा निर्धारित कचरा निस्तारण व्यवस्था का पालन किया जाए, ताकि क्षेत्र में गंदगी न फैले और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया गया। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध सूचना प्राप्त होती है तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया। थाना प्रभारी ने कहा कि पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है तथा क्षेत्र में लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल मिल सके।
बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण राम,अल्पसंखयक के प्रखंड अध्यक्ष तस्लीम खान,सदर तौहीद खान,भाजपा नेता ओम प्रकाश गुप्ता,अशोक सेठ सहित बड़ी संख्या में दाेनों समुदाय के गणमान्य लोग मौजूद थे।













