झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर-मुरीसेमर मुख्य मार्ग पर शनिवार की देर रात महदेईया पेट्रोल पंप के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ राज्य के बलरामपुर जिला अंतर्गत सनावल थाना क्षेत्र के त्रिशूली गांव निवासी स्वर्गीय लखन राम के 35 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश रवि के रूप में की गई है।
मृतक के मामा सुखन राम ने बताया कि परिवार के लोग शनिवार की शाम अपने गांव से निकलकर उत्तर प्रदेश के जोरुखांड़ गांव पहुंचे थे। वहां से एक बारात श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव आने वाली थी। इसी दौरान ओमप्रकाश तेज रफ्तार बाइक से आ रहा था। महदेईया पेट्रोल पंप के समीप बने ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एनएचएआई एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
श्री बंशीधर नगर के महदेईया पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ के युवक की मौत













