झारखंड वार्ता संवाददाता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में यूपीएससी की तैयारी कर रही जौनपुर की एक युवती को कथित तौर पर तीन दिन तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर निवासी युवती दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े एक कॉलेज में बीए ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है और साथ ही यूपीएससी परीक्षा की तैयारी भी कर रही है। कॉलेज में छुट्टियां होने के कारण वह एक मई को अपने घर आई थी। 15 मई को उसके पिता ने उसे जाफराबाद रेलवे स्टेशन से दिल्ली जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाया था।
ट्रेन में सफर के दौरान युवती ने अपने परिचित शिवम यादव को वॉट्सएप पर मैसेज किया। दोनों पिछले चार-पांच वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। आरोप है कि शिवम अपने साथी शनि यादव के साथ चारबाग स्टेशन पहुंचा और युवती पर अपने साथ चलने का दबाव बनाया। इसके बाद वह उसे सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एक कमरे पर ले गया।
पीड़िता के मुताबिक, वहां कॉफी पीने के बाद उसे चक्कर आने लगा, जिसके बाद शिवम ने उसके साथ जबरदस्ती की। अगले दिन शिवम के बाहर जाने पर शनि यादव ने भी दुष्कर्म किया। आरोप है कि 17 मई को एक अन्य युवक भी कमरे पर पहुंचा और तीनों ने बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया।
लगातार तीन दिनों तक उत्पीड़न के कारण युवती की हालत बिगड़ गई। 18 मई को आरोपित उसे कैब से चारबाग रेलवे स्टेशन ले गए और ट्रेन से दिल्ली भेज दिया। रास्ते में बरेली पहुंचने पर युवती ने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी। इसके बाद जीआरपी ने युवती से पूछताछ कर मामले की जानकारी दिल्ली के आनंद विहार थाने को दी। आनंद विहार जीआरपी में जीरो एफआईआर दर्ज कर केस लखनऊ ट्रांसफर किया गया।
एडीसीपी दक्षिणी आर. वसंथ कुमार ने बताया कि जीरो एफआईआर के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता और मुख्य आरोपित पहले से एक-दूसरे को जानते थे तथा दूर के रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं।
मुख्य आरोपित शिवम प्रयागराज का रहने वाला बताया जा रहा है और वह भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। घटना के बाद से तीनों आरोपित फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
UPSC की तैयारी कर रही युवती से तीन दिन तक गैंगरेप, तीन आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस














