---Advertisement---

पेट्रोल-डीजल फिर हुआ महंगा, दो हफ्ते में चौथी बार बढ़े दाम

On: May 25, 2026 9:51 AM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर बढ़ोतरी की गई। पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। दो सप्ताह से कम समय में यह चौथी बार है जब ईंधन की कीमतें बढ़ाई गई हैं।

नई दरें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है।

देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल की कीमतों की बात करें तो कोलकाता में 113.51 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये, बेंगलुरु में 110.6 रुपये, जयपुर में 113.4 रुपये और पटना में 113.5 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं नोएडा और लखनऊ में पेट्रोल 101.9 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

डीजल के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। नई दिल्ली में डीजल 95.20 रुपये, मुंबई में 97.8 रुपये, कोलकाता में 99.8 रुपये, चेन्नई में 99.6 रुपये, हैदराबाद में 103.8 रुपये और पटना में 99.5 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

इससे पहले शनिवार को भी पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। उसी दिन दिल्ली में सीएनजी की कीमत भी 1 रुपये बढ़ाकर 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई थी।

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान के नियंत्रण के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल आ रहा है।

बताया जा रहा है कि पिछले कई हफ्तों से तेल विपणन कंपनियां पुरानी कीमतों पर पेट्रोल-डीजल बेच रही थीं, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। अनुमान के मुताबिक इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल को प्रतिदिन 1000 करोड़ रुपये से अधिक का सामूहिक घाटा हो रहा था। इसी वजह से सरकार और तेल कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now