July 26, 2026

जन सहयोग से शुरू हुआ सरस्वतिया नदी पुनरुद्धार अभियान, गाद हटाने का कार्य प्रारंभ

IMG-20260525-WA0214.jpg

झारखंड वार्ता संवाददाता

गढ़वा। गंगा दशहरा के अवसर पर सोमवार से गढ़वा शहर की ऐतिहासिक सरस्वतिया नदी के पुनरुद्धार को लेकर “आपन सरस्वतिया” अभियान की शुरुआत की गई। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान में सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। अभियान के तहत नदी की सफाई एवं वर्षों से जमा गाद हटाने का कार्य पोकलेन और जेसीबी मशीनों के माध्यम से शुरू कराया गया।

पहले दिन शिवालया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड, नगर परिषद गढ़वा एवं गढ़वा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के सहयोग से अभियान चलाया गया। शिवालया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड ने सफाई कार्य के लिए अपना पोकलेन उपलब्ध कराया, जबकि नगर परिषद द्वारा जेसीबी मशीन एवं मानव बल की व्यवस्था की गई। वहीं गढ़वा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से अभियान में लगे वाहनों के लिए एक दिन के ईंधन की व्यवस्था कर सहयोग प्रदान किया गया।

इस मौके पर एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि सरस्वतिया नदी गढ़वा शहर की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर है, जिसका संरक्षण समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मानसून निकट होने तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं में समय लगने के कारण जनसहयोग से तत्काल सफाई अभियान शुरू किया गया है, ताकि नदी को पुनर्जीवित करने की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।

उन्होंने शहर की अन्य सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं जागरूक नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही बताया कि नदी पुनरुद्धार को लेकर जल संसाधन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से भी समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग लिया जा रहा है।

अभियान के दौरान शिवालया कंस्ट्रक्शन के बृजेश कुमार यादव, नगर परिषद के नगर प्रबंधक ओमकार यादव, गढ़वा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आद्याशंकर पांडेय, संतोष दुबे, वीरेंद्र कुमार, मनीष कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सिंह एवं अभिषेक भारद्वाज सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने सरस्वतिया नदी को स्वच्छ और संरक्षित बनाने के संकल्प के साथ अभियान में योगदान दिया।

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed