लोहरदगा :भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदाल टंगरा टोली गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया। जब अपने पति और दो बच्चों के साथ खेत में महिला काम कर रही थी इसी बीच जंगली हाथी वहां आ धमका।हाथी को देखते ही लोगों में भगदड़ मच गई। हाथी ने प्रतिमा उराइन नामक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है।
इसी अफरातफरी में महिला का एक बच्चा खेत में ही गिर गया, लेकिन आश्चर्य की बात है की हाथी ने बच्चे या अन्य किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
इस घटना के तुरंत बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हुए और महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हादसे के बाद से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम का माहौल है. ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश और डर है कि हमलावर हाथी अभी भी उसी इलाके में मौजूद है, जिससे क्षेत्र में लगातार दहशत बनी हुई है. ग्रामीण अब स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके.









